22 सितंबर:शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में सोमवार को उपमंडल स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में हमीरपुर उपमंडल के विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के करीब 632 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने सम्मेलन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों और विज्ञान अध्यापकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बाल विज्ञान सम्मेलन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर और अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञ बनकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
सुनील शर्मा बिट्टू ने विद्यार्थियों से जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन व मेहनत से प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए संस्कार, ज्ञान और परिश्रम का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनकी वैज्ञानिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली और उनके द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन भी किया।
सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित विभिन्न गतिविधियों और मॉडलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में पहुंचने पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, जिला विज्ञान समन्वयक राजेश गौतम और अन्य अधिकारियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा उन्हें सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, डॉ. आरसी डोगरा, शहनशाह, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री राकेश रानी सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।