18 अगस्त: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में मंगलवार तड़के एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात विश्वकर्मा चौक के पास हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान भाव सिंह पुत्र सही राम, निवासी गांव आवत, तहसील शिलाई, सिरमौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार भाव सिंह किसी काम के सिलसिले में पांवटा साहिब आया था। मंगलवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।