24 अप्रैल: सोलन के दोहरीदिवार क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक के पास एक व्यक्ति को संदिग्ध हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में शव किसी प्रवासी मजदूर का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।