24 अप्रैल: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संत निरंकारी मिशन के तत्वावधान में चार दिवसीय ‘निरंकारी यूथ सिम्पोजियम’ (NYS) का आयोजन 30 अप्रैल से 3 मई तक किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
मंडी जोन के जोनल इंचार्ज डॉ. आर.के. अभिलाषी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 30 अप्रैल को खेल गतिविधियों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद 1 और 2 मई को युवाओं के लिए विशेष चर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य, मोटिवेशन और जीवन की चुनौतियों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
3 मई को एक विशाल समागम का आयोजन होगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हजारों श्रद्धालु और युवा भाग लेंगे। इस दौरान संत निरंकारी मिशन की सद्गुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण रहेगी। वे स्वयं युवाओं को संबोधित कर जीवन में सही दिशा अपनाने का संदेश देंगी।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने माता जी को ‘राज्य अतिथि’ का दर्जा प्रदान किया है। डॉ. अभिलाषी ने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग मानसिक तनाव और नशे जैसी कुरीतियों की ओर बढ़ रहा है, जिसे रोकना बेहद जरूरी है।
संत निरंकारी मिशन का उद्देश्य युवाओं के तनाव स्तर को कम कर उन्हें आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि एक सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके। वर्ष 1929 से मिशन समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय है और रक्तदान, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों के माध्यम से मानवता की सेवा कर रहा है।