16 सितंबर: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। जल शक्ति विभाग में जूनियर ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के 7 पद बैचवाइज भर्ती के माध्यम से भरे जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए अब तक के नवीनतम बैच के पात्र अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कुल 7 पदों में सामान्य वर्ग के 3 पद हैं, जबकि सामान्य (आईआरडीपी), सामान्य (ईडब्ल्यूएस), अनुसूचित जाति और अनुसूचित जाति (बीपीएल) वर्ग के लिए एक-एक पद निर्धारित किया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बैचवाइज भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण होना जरूरी है। उन्होंने जिले के पात्र अभ्यर्थियों से कहा है कि वे पहले अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय की सूची में अपना नाम जांच लें। यदि सूची में नाम दर्ज नहीं है तो 18 सितंबर से पहले विभाग की वेबसाइट eemis.hp.nic.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।