16 सितंबर: लोगों को सौर ऊर्जा के अधिक से अधिक उपयोग के लिए प्रेरित करने और बिजली की किफायती खपत एवं बचत के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 18 सितंबर को विद्युत उपमंडल कार्यालय लंबलू के प्रांगण में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विद्युत उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ऋषि धीमान ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसमें लोगों को घरों की छतों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया और इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियों, शंकाओं और अन्य समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करके उपभोक्ता बिजली के खर्च को काफी कम कर सकते हैं। वहीं, संयंत्र से बनने वाली अतिरिक्त बिजली को बिजली बोर्ड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
सहायक अभियंता ने विद्युत उपमंडल लंबलू के सभी उपभोक्ताओं से इस जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेने और रूफ टॉप सोलर प्लांट तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।