16 सितम्बर: भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हमीरपुर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में कई विशेष प्रबंध किए गए हैं। पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि करीब साढ़े आठ कनाल क्षेत्र में स्थापित इस पॉलीक्लीनिक में चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ सीएसडी कैंटीन और रक्षा मंत्रालय के नमन प्रोजेक्ट के तहत पेंशन संबंधी मामलों के समाधान के लिए निशुल्क परामर्श केंद्र भी संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पॉलीक्लीनिक में वर्तमान में पांच डॉक्टर, दो डेंटल सर्जन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी सेवाएं दे रहे हैं। यहां की लैब में विभिन्न प्रकार के टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध है। हाल ही में करीब 10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक फीजियोथैरेपी सेंटर स्थापित किया गया है, जिसमें नवीनतम तकनीक की मशीनरी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
कर्नल चंद्रशेखर ने कहा कि बढ़ती उम्र के साथ होने वाली कई बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में फीजियोथैरेपी काफी उपयोगी साबित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नया फीजियोथैरेपी सेंटर स्थापित किया गया है। इसमें एक साथ 15 से 20 मरीजों की फीजियोथैरेपी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के माध्यम से जिला हमीरपुर के करीब 45 हजार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पॉलीक्लीनिक की ओपीडी में रोजाना औसतन करीब 400 मरीज पहुंचते हैं। मरीजों के पंजीकरण से लेकर ओपीडी जांच, लैब टेस्ट और फार्मेसी से दवाइयों के वितरण तक पूरी प्रक्रिया को कंप्यूटराइज्ड और पेपरलेस किया गया है। ईसीएचएस कार्ड नंबर दर्ज करते ही मरीज का पूरा विवरण कंप्यूटर पर एक क्लिक में उपलब्ध हो जाता है।
कर्नल चंद्रशेखर ने बताया कि पॉलीक्लीनिक में भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को चिकित्सा सुविधाओं के अलावा कई अन्य सेवाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है। इससे जिले के हजारों भूतपूर्व सैनिक परिवारों को सुविधा मिल रही है।