17 अगस्त: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को रैत में चरण एक से आठ तक चिन्हित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं और सुझाव सुने। कार्यक्रम में डढम्ब, डोहब, झरेड़, मंझग्रां, नेरटी, प्रेई, रैत, रक्कड़ का बाग, सदूं, ततवानी, मुंदला और सिहवां पंचायतों के चिन्हित बीपीएल परिवारों ने भाग लिया।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम का चौथा चरण है। इसके तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की 43 पंचायतों के चिन्हित बीपीएल परिवारों से संवाद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वर्षों बाद बीपीएल सर्वे करवाया गया है, ताकि जरूरतमंद परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान प्राप्त सुझावों और पात्र लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि ऐसे कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वाले फ्लेक्स लगाए जाएं, ताकि पात्र लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें।
इससे पहले विधायक ने रैत स्थित कांग्रेस कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए साधन-संपन्न लोगों से अपील की कि यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम गलती से बीपीएल सूची में शामिल है तो वह स्वेच्छा से अपना नाम हटवाएं, ताकि वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं रैत के उपप्रधान सुरेश पटाकू ने मुख्यातिथि, गणमान्य लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ठाकुर ने विधायक की सामाजिक कार्यों के प्रति संवेदनशीलता की सराहना की। कांग्रेस महासचिव प्रदीप बलौरिया ने कहा कि शाहपुर के विधायक हमेशा जनसेवा के लिए तत्पर रहते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधान, जिला परिषद सदस्य, कांग्रेस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पंचायत शाहपुर की पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि और चिन्हित बीपीएल परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।