छितकुल के आगे सड़क निर्माण के दौरान अचानक विस्फोट, मजदूर की मौत, एक गंभीर घायल

21 सितंबर: भारत-चीन अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे धूमती के पास रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है।

तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच धूमती के पास आरती सिविल कंस्ट्रक्शन फर्म की ओर से सीपीडब्ल्यूडी के तहत सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने के दौरान अचानक विस्फोट हो गया।

हादसे में अशोक कुमार (50), निवासी जिला कांगड़ा, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, बिहार निवासी भोला साह (23) भी विस्फोट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका रिकांगपिओ अस्पताल में उपचार जारी है।

तहसीलदार ने बताया कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच सेना द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर सड़क निर्माण के लिए खुदाई और चट्टान तोड़ने का काम चल रहा था, वह क्षेत्र सेना के फायरिंग रेंज के अंतर्गत बताया जा रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद संबंधित विभागों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। विस्फोट के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही की स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *