चुनावों की निगरानी के लिए 41 अधिकारियों की तैनाती

2 मई: हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने पूरे प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 41 आईएएस, आईएफएस, एचएएस और एचपीएफएस अधिकारियों को ऑब्जर्वर के रूप में नियुक्त किया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं और सभी अधिकारियों को तुरंत अपनी ड्यूटी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी नियुक्त ऑब्जर्वरों को शिमला स्थित मुख्यालय से चुनाव संबंधी आवश्यक दस्तावेज और दिशा-निर्देश प्राप्त करने के लिए कहा गया है। आयोग ने पहले से नियुक्त कुछ ऑब्जर्वरों में बदलाव करते हुए नए अधिकारियों को विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद और ब्लॉक स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी है।

बिलासपुर जिले में नगर परिषद बिलासपुर, नगर परिषद घुमारवीं, बिलासपुर ब्लॉक और घुमारवीं ब्लॉक के लिए आईएएस रोहित जम्वाल की जगह एचएएस अधिकारी दीप्ति मंढोत्रा को नियुक्त किया गया है, जबकि राम कुमार गौतम के स्थान पर सुनील को जिम्मेदारी दी गई है।

इसी तरह पालमपुर, बैजनाथ और पालमपुर ब्लॉक के लिए आईएएस सुनील शर्मा को ऑब्जर्वर बनाया गया है। कुल्लू जिले में नगर परिषद कुल्लू, मनाली, भुंतर, नग्गर, कुल्लू और भुंतर ब्लॉक के लिए आईएएस राजीव कुमार को तैनात किया गया है। सोलन जिले में नगर निगम सोलन, कंडाघाट, धर्मपुर सहित विभिन्न ब्लॉकों के लिए दोरजे छेरिंग को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।

धर्मशाला नगर निगम, कांगड़ा नगर परिषद और संबंधित ब्लॉकों के लिए आईएएस प्रदीप कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोग का कहना है कि इन नियुक्तियों का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराना है। सभी ऑब्जर्वर अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *