16 जून : चमेरा-III पावर स्टेशन, खड़ामुख के महाप्रबंधक (विद्युत) टिकेश्वर प्रसाद ने जानकारी दी है कि चमेरा-III बांध के जलाशय से 19 जून की रात 11:30 बजे से 21 जून की दोपहर करीब 4 बजे तक चरणबद्ध और नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जाएगा। यह प्रक्रिया नदी में प्राकृतिक जल प्रवाह बहाल करने के लिए की जा रही है।
पानी छोड़े जाने के दौरान बांध के निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ सकता है। लोगों को समय रहते सतर्क करने के लिए सायरन और हूटर बजाए जाएंगे। साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को भी पूर्व सूचना दी जाएगी, ताकि आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।
परियोजना प्रबंधन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन और पावर स्टेशन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। इससे किसी भी संभावित जोखिम से बचा जा सकेगा।