वायरल वीडियो बना सबूत, मनाली माल रोड में घुसी कार पर ₹20 हजार का चालान

16 जून : मनाली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन चालक को भारी जुर्माना भरना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने चंडीगढ़ नंबर की कार का 20 हजार रुपये का चालान काटा है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे एक कार प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद मनाली के माल रोड में प्रवेश कर गई। माल रोड पूरी तरह नो-एंट्री जोन है और यहां केवल पर्यटकों व पैदल यात्रियों के आवागमन की अनुमति है। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आते ही मनाली पुलिस और आरटीओ विभाग ने कार्रवाई शुरू की। वाहन नंबर के आधार पर कार की पहचान की गई और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194/115 के तहत नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने पर 20 हजार रुपये का ऑनलाइन ई-चालान जारी किया गया।

मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने कहा कि माल रोड पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कानून तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *