3 अगस्त: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा विधानसभा क्षेत्र में 333.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 26 विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सड़क, वाहन पार्किंग और बॉक्स गार्डर पुल सहित विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण से आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। इससे यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ चंबा पहुंचने वाले पर्यटकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सरोल स्थित कुष्ठ अस्पताल परिसर में जिला औषधि एवं टीकाकरण भंडार का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के निर्माण से दवाइयों और टीकों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित होगा। साथ ही, स्वास्थ्य संस्थानों तक आवश्यक दवाइयों और टीकों की समय पर आपूर्ति में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चंबा सहित राज्य के सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर सड़क, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध करवाई जाएं।