3 अगस्त: जिला कांग्रेस कमेटी चंबा के अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें चंबा की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पारंपरिक थाल, टोपी और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सम्मान के लिए सभी पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चंबा की समृद्ध कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और विशिष्ट स्थानीय उत्पादों को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि चंबा की पारंपरिक कला और उत्पाद न केवल हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, बल्कि इनमें स्थानीय लोगों की आजीविका और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की भी अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इसी दिशा में चंबा की मेटल आर्ट को जीआई पंजीकरण मिलना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब सरकार पांगी क्षेत्र के भोट जौ, चंबा चुख और भरमौर क्षेत्र के प्लेक्ट्रेंथस शहद को भी जीआई टैग दिलाने के लिए प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को जीआई पहचान मिलने से उनकी विशिष्टता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती मिलेगी तथा इससे चंबा के कारीगरों, किसानों और उत्पादकों को भी लाभ मिलेगा।