26 अप्रैल: चंबा जिले के चुराह उपमंडल की थनेईकोठी पंचायत से 16 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार हियाड़ गांव का रहने वाला छात्र, जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेईकोठी में 10वीं कक्षा में पढ़ता है, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। उसने बताया था कि उसे स्कूल बुलाया गया है और वह निजी बस से रवाना हुआ।
शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने स्कूल में जानकारी ली, जहां पता चला कि छात्र उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नाबालिग के लापता होने पर केस दर्ज कर लिया है। एसपी विजय सकलानी ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और हर संभावित दिशा में जांच जारी है।