5 मई: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की डैम में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बग्गा डैम के पास हुआ। मृतक की पहचान लबलू (पुत्र मोती राम), निवासी गांव ऊपरी बकानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मुंडन संस्कार की धाम खाकर देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डैम के पास उनका पैर फिसल गया और वे सीधे पानी में जा गिरे।
जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका कोई पता नहीं चल सका।
अगली सुबह स्थानीय लोगों ने डैम के पास पानी में एक शव तैरता हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लबलू के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
एसपी विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि व्यक्ति की मौत डैम में गिरने से हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।