घुमारवीं में वन महोत्सव का शुभारंभ, वन मित्रों का मानदेय बढ़ाकर किया गया 12 हजार रुपये

15 अगस्त: बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के निहारी में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सहजन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने वन मित्रों के मासिक मानदेय को 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव के तहत प्रदेश में 7,000 हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने भराड़ी उप-तहसील को तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हटवाड़ में डॉक्टरों के दो अतिरिक्त पद सृजित करने, तड़ौन ग्राम पंचायत में पशु औषधालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में एमबीए, एमसीए और एमटीए की कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय घंडावली में बीबीए और बीसीए की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 17 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। यह अवकाश 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के बदले दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *