15 अगस्त: भारतीय डाक विभाग ने हिमाचल प्रदेश में मंडी से रेहड़धार तक ड्रोन के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाकर तकनीक और देशभक्ति का अनूठा उदाहरण पेश किया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इस पहल से जुड़े।
मंडी प्रधान डाकघर से ड्रोन की लाइव उड़ान का अवलोकन करते हुए केंद्रीय मंत्री ने डाक अधिकारियों और ड्रोन ऑपरेटर से बातचीत की। इसके बाद ड्रोन रेहड़धार शाखा डाकघर पहुंचा, जहां डाक कर्मियों ने तिरंगा लेकर आए पार्सल को प्राप्त किया और इसे औपचारिक रूप से सेना के एक पूर्व सैनिक को सौंपा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के आसमान से तिरंगे की यह यात्रा नए भारत की उस भावना का प्रतीक है, जो भौगोलिक बाधाओं को पार कर हर नागरिक तक पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय डाक विभाग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध करा रहा है। मंडी से रेहड़धार तक ड्रोन डिलीवरी से यह भी साबित हुआ है कि आधुनिक तकनीक भारतीय डाक के व्यापक नेटवर्क को मजबूत करते हुए दूरदराज और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
भारतीय डाक विभाग ने हिमाचल प्रदेश और असम में 150 मार्गों पर ड्रोन आधारित डाक सेवा शुरू करने की योजना बनाई है।