15 अगस्त: देहरा क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 10 नई इलेक्ट्रिक बसों को विभिन्न रूटों के लिए रवाना किया गया। ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेंद्र सिंह मनकोटिया भी मौजूद रहे।
विधायक संजय रतन ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन स्वच्छ और हरित परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
विधायक कमलेश ठाकुर ने कहा कि देहरा और आसपास के क्षेत्रों के लिए 10 नई इलेक्ट्रिक बसें महत्वपूर्ण सौगात हैं। इनके संचालन से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
नई इलेक्ट्रिक बसें देहरा-धार धंगड़, देहरा-ज्वाली, देहरा-चिंतपूर्णी, देहरा-सुजानपुर, देहरा-नंदपुर और देहरा-पालमपुर सहित देहरा, ज्वालामुखी और प्रागपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न प्रमुख रूटों पर चलेंगी।
बसों के संचालन के लिए देहरा, हरिपुर और चिंतपूर्णी में चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, ताकि बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल, एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, एसडीएम ज्वालामुखी डॉ. संजीव कुमार, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय, नगर परिषद अध्यक्ष निष्ठा चंबयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कांग्रेस पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।