18 सितंबर: नगर पंचायत बीड़ के गुनेहड़ में आयोजित सैर मेले में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और क्षेत्रवासियों को सैर पर्व की शुभकामनाएं दीं। मेला आयोजकों और स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि सैर हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व बरसात ऋतु की समाप्ति और शरद ऋतु के आगमन के अवसर पर मनाया जाता है। सैर के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है, जिनमें लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक मेलजोल, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में कई पारंपरिक लोक परंपराएं धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही हैं। ऐसे में सैर जैसे पारंपरिक मेलों का आयोजन सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और पारंपरिक पर्वों से जोड़ना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी समृद्ध विरासत से परिचित हो सकें।
विधायक ने मेला आयोजकों और स्थानीय लोगों को सैर मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में भी सहायक होते हैं।
इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष सुरेंद्र कपूर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, कृष्ण राणा, ध्रुव पाल, रवि कुमार, बिट्टू कुमार, त्रिलोक चंद, गोपाल कृष्ण, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।