खेलों से जुड़कर नशे से दूर रहें विद्यार्थी : केवल सिंह पठानिया, कल्याडा स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण को 11 लाख की घोषणा

18 सितम्बर: विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थियों को खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहना चाहिए। वह वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र एवं छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि खेलों का शारीरिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और विद्यार्थियों को स्वस्थ रखने के लिए खेल गतिविधियों से जुड़े रहना जरूरी है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे से दूर रखने में भी अहम भूमिका निभा सकते हैं।

पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को विकास के सभी मानकों पर सर्वोच्च स्तर पर स्थापित करना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।

कल्याडा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में जिले के 15 जोनों के करीब 610 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में हिमाचल प्रदेश की चार महिला कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा, भावना, ज्योति और रितु भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इनमें पुष्पा को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान चुना गया है।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल परिसर में हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की। इसके अलावा कल्याडा में करीब 80 लाख रुपये की लागत से ओबीसी भवन का निर्माण करवाने तथा खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अपनी ओर से 15 हजार रुपये देने की घोषणा की।

इससे पहले मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकु, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, उप निदेशक उच्च शिक्षा, बीडीओ रैत, स्थानीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं अध्यापक, छात्र-छात्राएं, प्रतिभागी खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *