29 मई: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र के पावडेरा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गया 13 वर्षीय बच्चा गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद साहिल (13) पुत्र सलीम मोहम्मद अपने साथियों के साथ गलवा नदी के किनारे नहाने गया था। बताया जा रहा है कि साहिल को तैरना नहीं आता था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
साथ मौजूद छोटे बच्चों ने साहिल को डूबता देखा तो तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत चौथ का बरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।