3 जून : पटना में खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस बीच पटना पुलिस ने एक बड़े कोचिंग संस्थान के शिक्षक और ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ ऐसे लोग दिखाई दिए हैं, जिनका संबंध कथित तौर पर रोशन आनंद के कोचिंग संस्थान से बताया जा रहा है। पुलिस इसी आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। हालांकि अभी तक किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि खान सर और रोशन आनंद के कोचिंग संस्थानों के बीच पहले से प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व को लेकर विवाद की चर्चा रही है। मंगलवार रात हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद यह मामला और गरमा गया।
वहीं, एबीपी न्यूज़ की टीम जब ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर पहुंची तो संस्थान बंद मिला। कोचिंग से जुड़े कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह खान सर के संस्थान से जुड़े कुछ लोगों ने उनके परिसर में आकर तोड़फोड़ की। उन्होंने यह भी दावा किया कि खान सर के कोचिंग पर हुए हमले में उनके संस्थान का कोई हाथ नहीं है।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।