25 जुलाई: जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, हमीरपुर ने जिले के पांच ग्राम विधिक सेवा केंद्रों में पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) की इम्पैनलमेंट के लिए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से 28 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। आवेदन पक्का भरो स्थित जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के एडीआर सेंटर में जमा किए जा सकते हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिले के बोहनी, पटलांदर, भोरंज, नादौन और बड़सर में संचालित ग्राम विधिक सेवा केंद्रों पर पैरा लीगल वॉलंटियर तैनात किए जाएंगे। इनका मुख्य कार्य आम लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता, कानूनी अधिकारों और राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (NALSA) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना होगा, ताकि जरूरतमंद लोगों तक न्याय आसानी से पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि पैरा लीगल वॉलंटियरों को कार्य दिवस के अनुसार 750 रुपये प्रतिदिन मानदेय दिया जाएगा। सामान्यतः सप्ताह में 2 से 3 दिन कार्य करना होगा। यह एक स्वैच्छिक सेवा है, जिसके लिए आवेदक का कम से कम मैट्रिक उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
इच्छुक अभ्यर्थी 28 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन एडीआर सेंटर, पक्का भरो में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 01972-224399 पर संपर्क किया जा सकता है।