पिंजौर में वॉइस ऑफ मीडिया का वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह संपन्न

25 जुलाई , कविता शान्ति गौतम : हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित व्हाइट कैसल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन वॉइस ऑफ मीडिया के हिमाचल प्रदेश एवं हरियाणा प्रकोष्ठ की ओर से वार्षिक पत्रकार सम्मान एवं स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं समाजसेवी मनवीर कौर गिल, मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शांति स्वरूप, रंजना शुक्ला सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

वॉइस ऑफ मीडिया हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष विकास शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों का सम्मान करना, संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाना, आपसी सहयोग बढ़ाना तथा समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों को और सशक्त बनाना है। समारोह में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा डिजिटल मीडिया से जुड़े वरिष्ठ और युवा पत्रकारों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

उन्होंने कहा कि वॉइस ऑफ मीडिया विश्व का एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठन है, जो पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। संगठन समय-समय पर प्रशिक्षण, संवाद, सामाजिक सेवा, सम्मान समारोह और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता है।

मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे दौर में पत्रकारों के बीच संवाद, सहयोग और संगठनात्मक एकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और निष्पक्ष व जिम्मेदार पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया तथा पत्रकारिता से जुड़े समसामयिक विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया।

समारोह के दौरान राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने वॉइस ऑफ मीडिया को अपनी सांसद निधि से ₹1 लाख देने की घोषणा की। अंत में अध्यक्ष विकास शर्मा ने हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से पहुंचे सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन यादगार बन गया।

इस अवसर पर एबीवीपी पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के ज्वाइंट सेक्रेटरी स्वस्तिक गौतम सहित कविता शर्मा, अंजली दुबे, तिलक राज, पारुल शर्मा, सुरेंद्र कोबरा, बंशी लाल पांचाल, अमित शर्मा और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *