खराब मौसम के चलते मणिमहेश यात्रा पर रोक, शाही स्नान से पहले प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला

17 सितंबर: मणिमहेश डल झील में होने वाले शाही स्नान से पहले खराब मौसम के कारण भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा को एहतियातन अस्थायी तौर पर रोक दिया है। गौरीकुंड और मणिमहेश की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी तथा निचले क्षेत्रों में लगातार बारिश को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। मौसम साफ होने तक किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने चंबा और भरमौर पहुंच चुके श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों और बेस कैंप में ही ठहरने की अपील की है।

18 सितंबर को दोपहर 1 बजे से मणिमहेश डल झील में शाही स्नान शुरू होना है, जिसका मुहूर्त 19 सितंबर शाम 3:28 बजे तक रहेगा। शाही स्नान के लिए हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

बारिश के दौरान मणिमहेश का दुर्गम ट्रैक जोखिम भरा हो जाता है। पिछले वर्ष खराब मौसम के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रैक पर फंस गए थे, जिसके बाद प्रशासन को उन्हें सुरक्षित निकालने में कई दिन लगे थे। इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन ने मौसम बिगड़ते ही यात्रा रोकने का फैसला लिया है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम साफ होने और यात्रा बहाल करने संबंधी नई एडवाइजरी जारी होने तक ट्रैक पर आगे न बढ़ें।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *