27 जुलाई: हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेरी के गांव खग्गल में फोरलेन नेशनल हाईवे पर जल्द ही फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। यह घोषणा सुनील शर्मा बिट्टू ने रविवार को खग्गल के दौरे के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए की।
उन्होंने कहा कि हाईवे पर लगातार दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों द्वारा उठाई गई फुट ओवरब्रिज की मांग पूरी तरह उचित है। लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसके निर्माण की प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली आपूर्ति, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उनके समक्ष रखीं। सुनील शर्मा बिट्टू ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इसी उद्देश्य से वह लगातार गांवों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं।
जिला हमीरपुर में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में अत्याधुनिक चिकित्सा संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां भविष्य में मरीजों को एम्स स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा जसकोट में हेलीपोर्ट का निर्माण जारी है, जबकि नेरी स्थित औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय तथा मटाहणी स्थित तकनीकी विश्वविद्यालय परिसर का भी विस्तार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
खग्गल पहुंचने पर ग्राम पंचायत प्रधान रीना देवी, बीडीसी सदस्य सुशील कुमार, उपप्रधान राजेश कुमार शुक्ला, कमलजीत सिंह, राकेश कुमार, संजय शर्मा, सुनील कुमार, सूबेदार मेजर प्रीतम शर्मा सहित स्थानीय लोगों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।