27 जुलाई: मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण पूरा करने वाली 30 महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समापन समारोह में नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि इस निशुल्क प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों और बैंकों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ भी लिया जा सकता है।
इस अवसर पर राकेश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। श्रेया ठाकुर को बेस्ट अटेंडेंस, कंचन कुमारी को बेस्ट ट्रेनी तथा शानू कुमारी को बेस्ट परफॉर्मर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संस्थान की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी महिलाओं के रहने, खाने और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा खर्च संस्थान द्वारा वहन किया गया।
समारोह में आरसेटी के फैकल्टी सदस्य विनय चौहान, प्रशिक्षक पूनम तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।