कोटला कल्लर स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश

22 अप्रैल: नादौन (हमीरपुर) : राजकीय उच्च विद्यालय कोटला कल्लर में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान शिक्षिका एवं प्रभारी पूजा ने की।
इस मौके पर विद्यालय में रैली, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, नारा लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर अपने विचार रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण की रक्षा करने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लिया। इस दौरान शिक्षक रविन्द्र कुमार, अंजू कुमारी, अंजना कुमारी और सोहन लाल ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम प्रभारी पूजा ने कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन का आधार है और इसकी सुरक्षा के लिए हर व्यक्ति को निरंतर प्रयास करना चाहिए। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ और पर्यावरण के प्रति उनकी जागरूकता को और मजबूत किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *