22 अप्रैल: शाहपुर (कांगड़ा): जिला कांगड़ा में मार्शल आर्ट्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 26 अप्रैल को शाहपुर के लॉरेंस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ‘डिस्ट्रिक्ट कांगड़ा किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिले भर के खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों के लिए बड़े स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मानी जा रही है। जिला कांगड़ा किकबॉक्सिंग एसोसिएशन (पंजीकृत) के तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन और खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है, जिससे प्रतिभागियों को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका मिल सकता है।
आयोजन की जिम्मेदारी कार्यकारी अध्यक्ष रिंकू कुमार और महासचिव संजय कुमार के नेतृत्व में टीम संभाल रही है। उनके साथ उपाध्यक्ष पवन, संयुक्त सचिव ओजस्य, संगठन सचिव मधु और कोषाध्यक्ष श्रेय शर्मा विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।