कॉमर्स शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित, 359 उम्मीदवार दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित

19 अगस्त: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में कॉमर्स शिक्षकों के 156 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट (सीबीटी) का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पोस्ट कोड-26020 के तहत 156 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए कुल 1734 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 1451 अभ्यर्थियों ने सीबीटी में भाग लिया। परीक्षा में सफल 359 उम्मीदवारों को अब दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया है।

दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 7 सितंबर को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में शुरू होगी। चयनित उम्मीदवारों को इसकी सूचना उनकी ईमेल आईडी के माध्यम से दी जाएगी और अलग से कोई बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।

दस्तावेज सत्यापन के दौरान उम्मीदवारों को सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, उनकी स्व-अभिप्रमाणित फोटो प्रतियों के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड की गई प्रति और पहचान पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लाने होंगे।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर दस्तावेज सत्यापन के लिए अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को बाद में कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *