20 जुलाई: सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब के बर्मापापड़ी में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुल से नीचे गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, राम लाल (27), निवासी बर्मापापड़ी, अपनी रेहड़ी लेकर पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज, नाहन पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे की सूचना मिलते ही कालाअम्ब पुलिस मौके पर पहुंची और बाद में मेडिकल कॉलेज पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।