सुक्खू कैबिनेट की बैठक आज, लिंक-एंबुलेंस रोड नीति समेत कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

20 जुलाई: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में सोमवार को राज्य सचिवालय में होने वाली हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में लोक निर्माण विभाग की नई लिंक एवं एंबुलेंस रोड निर्माण नीति प्रमुख एजेंडा रहेगी।

प्रस्तावित नीति के तहत विभिन्न विभागों और एजेंसियों द्वारा बनने वाली लिंक और एंबुलेंस सड़कों के निर्माण के लिए एक समान दिशा-निर्देश लागू किए जाएंगे। कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद प्रदेशभर में इन सड़कों का निर्माण नई गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा।

बैठक में विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तिथि और उसकी बैठकों की संख्या पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मेडिकल शिक्षकों की अवकाश नीति, राज्य शिक्षक पुरस्कार (स्टेट टीचर अवार्ड) नीति में संशोधन, विभिन्न विभागों में भर्तियां तथा सीबीएसई शिक्षकों की नियुक्ति और काउंसलिंग शेड्यूल जैसे अहम विषय भी एजेंडे में शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई प्रस्ताव भी मंत्रिमंडल के समक्ष रखे जाएंगे, जिन पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जा सकता है।

इस बीच मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद शिमला लौट आए हैं और सोमवार को होने वाली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *