6 अगस्त: कांगड़ा जिले में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल फसल सर्वेक्षण अभियान शुरू हो गया है। उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने किसानों और पंचायत प्रतिनिधियों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार की डिजिटल कृषि पहल के तहत जिले में फसलों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कृषि भूमि पर उगाई गई फसलों का सटीक और अद्यतन डेटा तैयार करना है, जिससे किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और कृषि नीतियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
सर्वेक्षण का कार्य एमएस स्टार एग्रीबाजार टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है। कंपनी के अधिकृत सर्वेक्षक गांव-गांव जाकर किसानों से फसल संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे।
उप निदेशक कृषि ने किसानों से अपील की कि वे सर्वेक्षण के दौरान सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर अधिकृत सर्वेक्षकों का सहयोग करें, ताकि तय समय सीमा में सर्वेक्षण कार्य पूरा हो सके।
उन्होंने पंचायत प्रधानों और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को जागरूक करने और सर्वेक्षण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग देने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि डिजिटल फसल सर्वे से संबंधित किसी भी जानकारी या शंका के लिए किसान अपने क्षेत्र के संबंधित कृषि विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।