6 अगस्त: उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को सुबह 11 बजे जवाहर पार्क, सुंदरनगर में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह में एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी राष्ट्रीय ध्वजारोहण करेंगे, मार्च पास्ट की सलामी लेंगे और स्वतंत्रता दिवस का संदेश देंगे।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में एसडीएम अमर नेगी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि समारोह में पुलिस, पूर्व सैनिक, एनसीसी, एनएसएस और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार के नशा मुक्ति अभियान और स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त सुंदरनगर अभियान का भी शुभारंभ किया जाएगा। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण की रोकथाम और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
समारोह के दौरान उपमंडल के स्वतंत्रता सेनानियों, समाजसेवियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली विभूतियों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार अंकित शर्मा, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।