धर्मशाला पुलिस ग्राउंड में होगा जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, तैयारियां तेज

6 अगस्त: जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस वर्ष 15 अगस्त को धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में पूरे हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में बताया गया कि समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स तथा एनएसएस के कैडेट आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत करेंगे। विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति और हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए जाएंगे।

अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह को इस बार और अधिक भव्य बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

समारोह के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से रेफरल ड्रा निकाला जाएगा तथा जरूरतमंद लोगों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। साथ ही विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम को आयोजन स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था तथा जल शक्ति विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त (उपायुक्त) विवेक चौहान ने समारोह की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में पुलिस, होमगार्ड, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी भाग लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *