कांगड़ा के सीआईएसएफ जवान राहुल रंधावा का दिल्ली में निधन, पत्नी ने दी अंतिम विदाई

2 सितंबर:कांगड़ा जिले के लंज क्षेत्र से सटी पंचायत डडोली के गांव अंबी निवासी 36 वर्षीय सीआईएसएफ जवान राहुल रंधावा का दिल्ली में अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। राहुल रंधावा दिल्ली में तैनात थे और अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से पैतृक गांव अंबी सहित लंज और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे राहुल रंधावा को अचानक दिल का दौरा पड़ा। हालत बिगड़ने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया। अचानक आई इस दुखद खबर से हर कोई स्तब्ध रह गया।

राहुल रंधावा का पार्थिव शरीर पैतृक गांव अंबी पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। राहुल अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।

अंतिम विदाई के दौरान पत्नी ने अपने दिवंगत पति की अर्थी को कंधा दिया। यह भावुक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। परिजनों, ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से सीआईएसएफ जवान राहुल रंधावा को अंतिम विदाई दी। पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *