कांगड़ा के गग्गल से चंडीगढ़ की सीधी उड़ान फिर शुरू, यात्रियों को मिली राहत

2 सितंबर: धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच सीधी हवाई सेवा मंगलवार से एक बार फिर बहाल हो गई है। इंडिगो ने कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा शुरू की है। सेवा बहाल होने के पहले दिन उड़ान संख्या 6ई 7722 दोपहर करीब 2:05 बजे गग्गल एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई।

पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण पिछले कुछ समय से यह हवाई सेवा बंद थी। सेवा दोबारा शुरू होने से धर्मशाला और चंडीगढ़ के बीच हवाई यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

निर्धारित शेड्यूल के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को संचालित होगी। धर्मशाला से उड़ान दोपहर 1:10 बजे रवाना होकर 2:15 बजे चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में उड़ान चंडीगढ़ से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर 3:50 बजे धर्मशाला पहुंचेगी। इस रूट पर शुरुआती हवाई किराया करीब 3,200 रुपये बताया गया है।

वहीं, गग्गल एयरपोर्ट से जम्मू के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की भी तैयारी चल रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित सेवा को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उम्मीद है कि आने वाले कुछ महीनों में यह सेवा शुरू हो सकती है। इससे हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच सीधा हवाई संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन का तेज एवं सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

भविष्य की जरूरतों को देखते हुए गग्गल एयरपोर्ट के विस्तार और आधुनिकीकरण पर भी काम किया जा रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में धर्मशाला की दिल्ली, शिमला और चंडीगढ़ के साथ सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *