शाहपुर कॉलेज में हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ

1 सितंबर तरसेम जरयाल : राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में हिंदी पखवाड़ा-2026 का शुभारंभ एक दिवसीय संगोष्ठी के साथ हुआ। कार्यक्रम में हिमाचली साहित्य, लोकसंस्कृति और लोकपरंपराओं के विविध रंग देखने को मिले। विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने लोकगीत, लोकनाट्य, लोकगाथा, कहानी और पहाड़ी व्यंग्य गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

कार्यक्रम में हिमाचली साहित्यकार एवं लोकसाहित्य के मर्मज्ञ डॉ. गौतम शर्मा व्यथित विशिष्ट अतिथि तथा डॉ. मीनाक्षी दत्ता मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने हिंदी भाषा के साथ हिमाचली लोकभाषाओं, लोकसाहित्य और लोकसंस्कृति के संरक्षण तथा इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत सिंह ने हिंदी पखवाड़े की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति और पहचान की संवाहक भी है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की और आयोजन के लिए प्रो. आशा शर्मा को बधाई दी।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के विद्यार्थियों ने ‘समय की ब्यार’ के गीत प्रस्तुत किए। विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोकनाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की समृद्ध विरासत को मंच पर जीवंत किया।

राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के रोवर-रेंजर स्वयंसेवियों ने ‘त्रिनेत्र’ लोकनाट्य प्रस्तुत किया। वंशिका राणा ने कहानी, साइना ठाकुर एवं रेखा ने गीत और राजकीय शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय धर्मशाला की स्नेहा ने पहाड़ी व्यंग्य गीत ‘गितलु’ प्रस्तुत किया। वहीं राजकीय महाविद्यालय सिहुंता की शीतल धीमान एवं स्मृति देवी ने हिमाचली लोकगाथा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, नगरोटा बगवां, मटौर, सिहुंता, रिडकमार, क्षेत्रीय केंद्र हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय धर्मशाला और केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के विद्यार्थियों एवं अध्यापकों ने भी सहभागिता की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *