31 अगस्त: बाल विकास परियोजना करसोग के तहत संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा को लेकर एसडीएम अलीशा चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
एसडीएम अलीशा चौहान ने बताया कि करसोग उपमंडल में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 41 पात्र बच्चों को लाभ दिया जा रहा है। योजना के माध्यम से अनाथ बच्चों को सामाजिक सुरक्षा के साथ त्योहार भत्ता, विवाह अनुदान, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग, शैक्षिक भ्रमण, भारत यात्रा, लघु उद्योग, भूमि आवंटन और मकान निर्माण के लिए सहायता सहित कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत करसोग क्षेत्र में 337 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इनमें 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 308 तथा 18 से 27 वर्ष आयु वर्ग के 29 लाभार्थी शामिल हैं।
योजना के तहत अनाथ बच्चों के अलावा विधवा, तलाकशुदा एवं बेसहारा महिलाओं तथा दिव्यांग माता-पिता, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये या इससे कम है, के बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक पालन-पोषण और शिक्षा के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की शिक्षा संबंधी लागत सरकार द्वारा वहन की जाती है। वहीं, हॉस्टल सुविधा उपलब्ध न होने पर किराये के लिए प्रतिमाह 3 हजार रुपये देने का प्रावधान है।
बैठक में बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन अपराध है। उन्होंने लोगों से बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूक होने और ऐसे मामलों की जानकारी प्रशासन अथवा संबंधित विभाग को देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह करवाने या इसमें सहयोग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। समाज के सभी वर्गों को मिलकर इस कुरीति को रोकने के लिए प्रयास करने चाहिए।
बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली गई। एसडीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए।
सीडीपीओ करसोग इंद्र सिंह ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। बैठक में नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष उत्तम चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष इशरा देवी, उपाध्यक्ष कली चौहान, बीडीओ सुरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।