31 अगस्त: सुंदरनगर में ‘स्वच्छ हवा और नशामुक्त सुंदरनगर’ अभियान के तहत एसडीएम अमर नेगी ने बीएसएनएल एक्सचेंज और बस स्टैंड के समीप स्थित स्लम क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा भी मौजूद रहे।
एसडीएम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने, आसपास के वातावरण को साफ रखने और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ सुंदरनगर के निर्माण में प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से घरों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई रखने, खुले में कूड़ा न फेंकने और गंदगी नहीं फैलाने का आग्रह किया। एसडीएम ने स्लम क्षेत्रों में रह रहे लोगों और मकान मालिकों से बातचीत कर मौके की स्थिति का जायजा भी लिया।
मकान मालिकों को अपने परिसरों और आसपास उचित स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम ने लोगों से कूड़ा जलाने और खुले में गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों से बचने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं सहित आम जनता से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सुंदरनगर की हर बस्ती और हर वर्ग तक स्वच्छता, स्वच्छ हवा और नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है। प्रशासन जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ा रहा है।