हारसी में 33 लाख से बने पंचायत भवन का लोकार्पण, यादविंद्र गोमा ने मोलग-त्रिवेणी सड़क के लिए मंजूर किए 1 करोड़

28 अक्तूबर: आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने हारसी पंचायत में 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मोलग-त्रिवेणी संपर्क सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत होने की जानकारी भी दी।

यादविंद्र गोमा ने कहा कि काथला में निर्माणाधीन बस अड्डे और बस डिपो के भवन का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होते ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने हारसी पंचायत के लोगों को नए पंचायत भवन की बधाई देते हुए बताया कि इसकी पहली मंजिल के निर्माण पर 50 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च किए जाएंगे, ताकि पंचायत में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में बस अड्डे की मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की दिशा में कदम उठाया है। क्षेत्र में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके बाद पांच नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। साथ ही डीजल बसों के लिए वर्कशॉप का निर्माण भी किया जाएगा।

क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि हारसी मैदान में हाई मास्ट लाइट लगाई जा चुकी है। मैदान में सीढ़ियों और शेड के निर्माण के लिए जल्द बजट स्वीकृत करवाया जाएगा और अगले वर्ष तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। प्रस्तावित स्पोर्ट्स हॉस्टल से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही इसे मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए यादविंद्र गोमा ने बताया कि जयसिंहपुर सिविल अस्पताल में छह विशेषज्ञ डॉक्टर नियुक्त किए जा चुके हैं। अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। ब्लड बैंक की सुविधा शुरू करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए विभागीय प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डड़वाल, पंचायत समिति उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मोनू बनवाल, खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, पंचायत प्रधान प्रकाश चंद, उपप्रधान रमेश चंद राणा, जोन अध्यक्ष केसर कटोच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *