1 अक्तूबर : सुंदरनगर के धनोटू में खंड स्तरीय नवां पोषण माह शिविर का आयोजन बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में खंड समिति अध्यक्षा पूजा कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान ग्राम पंचायत महादेव के प्रधान वीरेंद्र कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक के चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुप शिवार्य सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूनम चौहान ने पोषण के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्य अतिथि पूजा कुमारी ने भी गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुप शिवार्य ने गर्भावस्था और किशोरावस्था के दौरान पोषण की जरूरतों की जानकारी देते हुए कुपोषण से बचाव के उपाय बताए। शिविर के दौरान गोद-भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी लगाकर लोगों को दैनिक आहार में पोषणयुक्त स्थानीय खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए जागरूक किया।