करसोग के पुराना बाजार में प्राकृतिक खेती पर किसान गोष्ठी, 8 पंचायतों के 100 किसानों ने लिया भाग

29 सितम्बर: कृषि विभाग विकास खंड करसोग द्वारा आत्मा परियोजना के तहत किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुराना बाजार करसोग में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में करसोग विकास खंड की आठ पंचायतों के करीब 100 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में पद्मश्री नेकराम शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पद्मश्री नेकराम शर्मा ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मिलेट्स की खेती और इसके उपयोग से संबंधित जानकारी साझा करने के साथ ही देशी बीजों के संरक्षण एवं महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

उप परियोजना निदेशक आत्मा मंडी डॉ. सोनल गुप्ता ने किसानों को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, आत्मा तथा राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की के लिए 50 रुपये प्रति किलोग्राम, गेहूं के लिए 80 रुपये प्रति किलोग्राम और हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीकरण करवाने का आग्रह किया।

खंड तकनीकी प्रबंधक मोहित कुमार ने प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले विभिन्न घटकों को तैयार करने और उनके उपयोग की विधि समझाई। उन्होंने किसानों से देसी बीजों के संरक्षण और अधिक से अधिक उपयोग का आह्वान किया।

एटीएम लेखराज ठाकुर ने प्राकृतिक खेती के माध्यम से मिट्टी की उर्वरा शक्ति, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने रासायनिक खादों के दुष्प्रभावों से भी किसानों को अवगत करवाया।

शिविर में सोनाली महाजन ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं और इसके तहत किसानों को दिए जाने वाले विभिन्न अनुदानों की जानकारी दी। वहीं, उद्यान विभाग के उद्यान विकास अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, कृषि यंत्रों और पौधों पर दिए जाने वाले अनुदानों के बारे में बताया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को दोपहर का भोजन करवाने के साथ मटर का बीज भी वितरित किया गया। इस अवसर पर खंड किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष गीता राम सोनी, सदस्य भीम सिंह, नरेंद्र कुमार, लालमन, चमेलू देवी कश्यप, बहादुर सिंह सहित विभिन्न पंचायतों के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *