29 सितंबर, कविता शान्ति गौतम: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विविध संगठन आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संयोजक एवं हिमाचल प्रांत के पूर्व प्रांत प्रचारक संजीवन कुमार की माता सती देवी (85) का निधन हो गया। वह सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। गत सोमवार को घर में गिरने के बाद उन्हें आपात स्थिति में टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कांगड़ा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 6:15 बजे उनका निधन हो गया।
सती देवी का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव बरोटू, डाकघर एवं तहसील मझीन, जिला कांगड़ा के श्मशान घाट में किया गया।
सती देवी के निधन पर आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सह सरकार्यवाह आलोक कुमार, राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख अरुण कुमार, सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार, उत्तर क्षेत्र कार्यवाह किस्मत कुमार, क्षेत्रीय प्रचारक बनवीर सिंह सहित संघ के कई पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, संगठन मंत्री सिद्धारथन सहित विभिन्न भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सती देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के शोध संस्थान निदेशक डॉ. अमरीक सिंह के पिता के निधन पर भी विभिन्न नेताओं एवं संगठनों के पदाधिकारियों ने शोक व्यक्त किया।