अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस की तैयारियों को लेकर मंडी में समीक्षा बैठक, विभागों को सौंपी जिम्मेदारियां

29 सितंबर: अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस-2026 के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को डीआरडीए सभागार मंडी में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने की। इस दौरान 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा, समानता और सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए बालिका खेल महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें रस्साकशी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इसके अलावा निबंध लेखन, पोस्टर मेकिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित करने का प्रस्ताव है। चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, मिशन वात्सल्य, सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण-2.0 सहित विभिन्न योजनाओं पर आधारित सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, साइबर सुरक्षा और कानूनी जागरूकता से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और महिला उद्यमिता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

बालिकाओं की शिक्षा, समानता, सुरक्षा और गरिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी मंडी अजय बदरेल ने बैठक में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी और विभिन्न गतिविधियों को लेकर विभागीय तैयारियों से अवगत करवाया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक, डीएसपी दिनेश कुमार, जिला स्वास्थ्य अधिकारी अरिंदम रॉय, सभी सीडीपीओ, स्कूलों के प्रधानाचार्य और अध्यापकगण उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *