कछुआ तस्करी मामले में धर्मशाला के महंत गिरफ्तार, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर

1 सितंबर: अम्ब पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस में डिब्बे के अंदर कछुआ ले जाने के मामले में धर्मशाला निवासी महंत शिवचरण गुप्ता उर्फ मंगल पुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस इस मामले में पहले ही कछुआ लेकर जा रही महिला गीता देवी को गिरफ्तार कर चुकी है। अदालत ने उसे भी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। अब पुलिस दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ कर रही है और कछुए को ले जाने के पीछे की वजह तथा पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

मामला 29 अगस्त की रात का है। दिल्ली-बैजनाथ रूट पर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस पक्कापरोह के समीप एक ढाबे पर रुकी थी। इसी दौरान बस चालक सुधीर कुमार की नजर एक महिला के पास रखे डिब्बे पर पड़ी। डिब्बा खोलने पर उसमें कछुआ मिला। चालक ने महिला से कछुआ ले जाने संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी।

पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कछुए को धर्मशाला में रहने वाले मंगल पुरी महंत को देने जा रही थी। इसके बाद चालक की शिकायत पर थाना अम्ब पुलिस ने गीता देवी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 51(1) के तहत मामला दर्ज किया था।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *