1 सितंबर: जनगणना-2027 के तहत हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना का कार्य 1 से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि इस दौरान नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों और उनके सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।
उन्होंने जिला के सभी नागरिकों से जनगणना कार्य में सहयोग करने और प्रगणकों को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की। जिन नागरिकों ने स्व-गणना की है, वे घर आने वाले प्रगणक को अपना एसई आईडी उपलब्ध करवाएं।
उपायुक्त ने बताया कि स्व-गणना नहीं कर पाने वाले नागरिकों के घर जाकर प्रगणक आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे। यदि किसी परिवार का कोई सदस्य उपलब्ध नहीं होता या किसी अन्य कारण से जानकारी दर्ज नहीं हो पाती है, तो 1 से 5 अक्तूबर 2026 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी प्रदेश के समग्र विकास के लिए बेहतर योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जनगणना से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।