कंडवाल बैरियर पर ट्रक से 270 टीन अवैध बिरोजा बरामद, चालक गिरफ्तार

6 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश की वन संपदा की तस्करी के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल-पंजाब सीमा पर कंडवाल बैरियर के पास एक ट्रक से 270 टीन अवैध बिरोजा बरामद किया है। प्रत्येक टीन में 15 लीटर बिरोजा भरा हुआ था। पुलिस ने बिरोजा सहित ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार नूरपुर पुलिस की टीम कंडवाल बैरियर पर नियमित नाकाबंदी और यातायात जांच कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे जसूर की ओर से एक ट्रक वहां पहुंचा। पुलिस ने संदेह के आधार पर ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीले रंग के तिरपाल के नीचे बड़ी संख्या में लोहे के टीन छिपे हुए मिले। जांच करने पर सभी टीन बिरोजा से भरे पाए गए।

पुलिस ने ट्रक चालक से बिरोजा के परिवहन से संबंधित वैध परमिट या अन्य दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन विभाग के रेंज अधिकारी और वनरक्षक मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में टीनों को ट्रक से उतारकर गिनती की गई, जिनकी कुल संख्या 270 पाई गई।

पुलिस ने अवैध रूप से वन संपदा ले जाने के आरोप में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान करण मन्हास पुत्र चूड़ सिंह मन्हास, निवासी गांव वेही पठियार, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बिना वैध दस्तावेजों के बिरोजा ले जा रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 270 टीन बिरोजा और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी कब्जे में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में बिरोजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *