भाट नाला में शहीद करण सिंह की याद में 1.60 लाख से बनेगा मुख्य द्वार, खोली की 40 लाख की पेयजल योजना दिसंबर में होगी समर्पित

6 अक्तूबर, आशीष दमीर : खोली के समीप भाट नाला गांव के शहीद करण सिंह की याद में करीब 1.60 लाख रुपये की लागत से मुख्य द्वार का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं, गांव के वार्ड नंबर एक में हैंडपंप स्थापित किया जाएगा। खोली गांव में करीब 40 लाख रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, जिसे दिसंबर माह में पूरा कर पेयजल योजना जनता को समर्पित की जाएगी।

यह जानकारी एपीएमसी के जिला अध्यक्ष, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र निशू मोंगरा ने ‘आपका सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत भाट नाला गांव में लोगों को संबोधित करते हुए दी। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

चौधरी नरेंद्र निशू मोंगरा ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पंचायत स्तर पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले करीब तीन वर्षों में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। क्षेत्र की प्रमुख विकास आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है, जिन्हें सरकार की ओर से प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार के व्यवस्था परिवर्तन और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं से कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र का स्वरूप बदल रहा है। क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को और सुदृढ़ करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर पंचायत प्रधान कुलवंत सिंह, पंचायत वार्ड सदस्य, महिला शक्ति और गांव के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *